क्लीनिक सील, मरीज अधमरा… फिर भी आरोपी आज़ाद! बरेली में झोलाछाप राज का खुलासा

SHARE:

बरेली। अवैध झोलाछापों का जाल एक बार फिर एक परिवार की खुशियां उजाड़ने की कगार पर है। पेट दर्द की मामूली शिकायत लेकर गए एक युवक की हालत कथित झोलाछाप की “सर्जरी” के बाद इतनी बिगड़ गई कि अब वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। हैरानी की बात यह है कि क्लीनिक सील होने के बावजूद अब तक न तो FIR दर्ज हुई है और न ही आरोपी पर कोई सख्त कार्रवाई।

बारादरी थाना क्षेत्र के डोहरा गौटिया गांव निवासी शिशुपाल का बेटा अजय करीब एक महीने पहले पेट दर्द की शिकायत के चलते पीलीभीत बाईपास स्थित एक कथित क्लीनिक पर ले जाया गया। वहां मौजूद व्यक्ति ने खुद को डॉक्टर बताते हुए ऑपरेशन करने की बात कही।

परिवार का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद अजय की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। शरीर से लगातार खून बहता रहा, कमजोरी बढ़ती गई और वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया। परिजनों ने कई बार क्लीनिक संचालक से गुहार लगाई, लेकिन कोई ठोस इलाज नहीं दिया गया।

हालत नाजुक होने पर शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक को सील तो कर दिया, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि अब तक आरोपी के खिलाफ मुकदमा क्यों दर्ज नहीं हुआ? क्या स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट थाने तक पहुंची भी या नहीं, इस पर भी चुप्पी है।

 सीएमओ कार्यालय में हंगामा

बुधवार को मजबूर होकर शिशुपाल अपने बेटे अजय को ऑटो में लिटाकर सीएमओ कार्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया। अजय की हालत देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए लगातार उल्टियां, सुन्न पड़ता शरीर और बेहद कमजोर स्थिति। पीड़ित परिवार का साफ सवाल है“अगर हमारा बेटा मर जाता है, तब क्या कार्रवाई होगी?”

आरोपी बेखौफ, सिस्टम मौन 

हैरानी की हद तब पार हो गई जब आरोपी खुद सीएमओ कार्यालय पहुंच गया और दावा किया कि उसने कोई ऑपरेशन नहीं किया। यानी युवक की हालत गंभीर है, लेकिन झोलाछाप पूरी तरह निश्चिंत दिखाई दे रहा है।

इसी बीच संबंधित अधिकारी का बयान भी सवालों के घेरे में है। अधिकारी ने कहा“पहले जिला अस्पताल में इलाज हुआ था, फिर भी मरीज खुद झोलाछाप के पास गया। कमी मिली तो जांच होगी।”इस बयान ने विभाग की जवाबदेही पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

झोलाछापों का जाल और विभाग की चुप्पी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरेली में झोलाछापों का नेटवर्क लंबे समय से फल-फूल रहा है। गरीब मरीज सस्ते इलाज की मजबूरी में इनके पास पहुंचते हैं और जान गंवाने की कगार पर पहुंच जाते हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।

 पीड़ित की चेतावनी

पीड़ित शिशुपाल ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वह धरना-प्रदर्शन करेगा।

 

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

सोना चांदी की कीमत
और पढ़ें
error: Content is protected !!