जमीन के सौदे में 15 लाख की ठगी, चेक लेकर बैनामा न कराने का आरोप

SHARE:

बरेली। जमीन के सौदे के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक किसान ने हाफिजगंज निवासी व्यक्ति पर 15 लाख रुपये लेकर न तो बैनामा कराने और न ही रकम लौटाने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का अभियोग पंजीकृत कर लिया है।

484 गज जमीन का हुआ था सौदा

पीड़ित वीरपाल सिंह, निवासी ग्राम रिछोला किफायतुल्ला, थाना व तहसील नवाबगंज ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ग्राम याकूबपुर स्थित गाटा संख्या 616, रकबा 484 वर्ग गज जमीन को खरीदने का सौदा राजेश कुमार, निवासी ग्राम वीजामऊ, थाना हाफिजगंज से किया था। जमीन का सौदा 3100 रुपये प्रति गज के हिसाब से तय हुआ था और बैनामा की अंतिम तिथि 26 मई 2025 निर्धारित की गई थी।

बेटे-बेटी के खातों से दिए गए तीन चेक

पीड़ित के अनुसार, सौदे के तहत उन्होंने आरोपी को कुल 15 लाख रुपये दिए। यह रकम तीन चेकों के माध्यम से दी गई, जिनमें से एक चेक पीड़ित के बेटे अनुज यादव के खाते से और दो चेक उनकी पुत्री लता यादव के खाते से जारी किए गए। सभी चेक 06 जुलाई 2024 को दिए गए थे, जो आरोपी के खाते में क्लियर हो चुके हैं।

तारीख निकलने के बाद टालमटोल, फिर धमकी

पीड़ित का आरोप है कि बैनामा की तय तारीख निकल जाने के बावजूद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। जब बार-बार बैनामा कराने या पैसे लौटाने की मांग की गई तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगा।

अमानत में खयानत का आरोप

तहरीर में कहा गया है कि आरोपी ने पीड़ित से जमीन बेचने के नाम पर रकम ली, लेकिन न तो जमीन का बैनामा कराया और न ही दी गई रकम वापस की। पीड़ित ने इसे अमानत में खयानत और धोखाधड़ी बताया है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पीड़ित की शिकायत पर प्रभारी निरीक्षक थाना नवाबगंज के आदेश से आरोपी राजेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

error: Content is protected !!