बरेली। थाना क्योलड़िया पुलिस ने डेढ़ साल पुराने किशोरी गुमशुदगी मामले में ऐसा खुलासा किया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। 16 वर्षीय किशोरी की हत्या के साथ ही वर्ष 2017 में एक महिला की हत्या का भी राज खुल गया। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड में सलीम हुसैन और आसिम उर्फ अमित उर्फ ‘डॉ. बंगाली’ को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में थे, लेकिन 11 फरवरी को भौआ बाजार के आगे बौरिया कट से दबोच लिए गए।
गुमशुदगी से शुरू हुई जांच, गन्ने के खेत से मिले कंकाल के अवशेष
ग्राम सतवन पट्टी निवासी अजीज अहमद ने 8 जनवरी 2025 को अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मुकदमा अपराध संख्या 009/2025 धारा 137(2) बीएनएस में पंजीकृत हुआ। जांच के दौरान सितंबर 2025 में कैलाश नदी किनारे गन्ने के खेत से सिर की गुथी चोटी, कपड़े और हड्डियां बरामद हुईं। डीएनए रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि अवशेष किशोरी के ही हैं। इसके बाद मुकदमे में धारा 103(1)/238 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। मोबाइल सीडीआर विश्लेषण में गांव के सलीम हुसैन की भूमिका संदिग्ध पाई गई। घटना की रात उसकी लोकेशन किशोरी के मोबाइल के साथ एक ही स्थान पर मिली।
पॉलीग्राफ नोटिस मिला तो हो गया फरार
पुलिस ने न्यायालय की अनुमति से सलीम का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की प्रक्रिया शुरू की। नोटिस मिलते ही सलीम अचानक गायब हो गया। जांच में सामने आया कि वह भौआ बाजार स्थित एक क्लीनिक में आसिम उर्फ ‘डॉ. बंगाली’ के साथ काम करता था। दोनों कलकत्ता भागने की तैयारी में थे और पैसों का इंतजार कर रहे थे। सर्विलांस टीम ने लोकेशन ट्रैक कर दोनों को बौरिया कट के पास धर दबोचा।
पूछताछ में टूटा राज, गला दबाकर की थी हत्या
पुलिस पूछताछ में सलीम ने स्वीकार किया कि उसने किशोरी को रात में बुलाया और गन्ने के खेत में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। शव को वहीं फेंक दिया और मोबाइल फोन नदी में बहा दिया। वहीं, आसिम उर्फ डॉ. बंगाली ने वर्ष 2017 में पत्नी रजनी की हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकारी। पुलिस के अनुसार, पत्नी से विवाद के चलते उसने सलीम के साथ मिलकर कैलाश नदी किनारे गला दबाकर हत्या की और शव को दफना दिया। इस मामले में थाना भुता में धारा 364 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है।
आपराधिक इतिहास खंगाला तो चौंकाने वाले तथ्य
सलीम हुसैन (22 वर्ष) – लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमों में नामजद। अब दो हत्याओं में आरोपी। आसिम उर्फ अमित उर्फ डॉ. बंगाली मूल निवासी पश्चिम बंगाल। अपहरण व पॉक्सो एक्ट के मामले में भी नामजद, पत्नी की हत्या में आरोपी।
एसपी बोले: तकनीकी साक्ष्यों से सुलझा केस
एसपी दक्षिणी मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि सर्विलांस, साइबर सेल और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई से यह सफलता मिली। तकनीकी साक्ष्यों और डीएनए रिपोर्ट के आधार पर मामले का खुलासा हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।
पॉलीग्राफ से बचने की कोशिश ने बढ़ाया शक
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पॉलीग्राफ टेस्ट से बचने के लिए फरार होने की कोशिश ने ही आरोपियों पर शक को पुख्ता कर दिया। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश है। पुलिस दोनों मामलों में जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




