बरेली/रामपुर। शादी की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। भतीजी की लगन लेकर बदायूं जा रहे 22 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
रामपुर जनपद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव पनबड़िया निवासी अनिल (22) बुधवार देर शाम बाइक से कुंवरगांव (बदायूं) जा रहे थे। उनके साथ गांव के ही सतपाल और ओमकार भी सवार थे।
आंवला-रामनगर रोड पर भूरीपुर चम्पतपुर मोड़ के पास अचानक एक गन्ने की खाली ट्रॉली चालक ने बिना संकेत दिए मोड़ काट लिया। तेज रफ्तार बाइक संभल नहीं सकी और ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि सतपाल और ओमकार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ट्रॉली चालक की तलाश में जुटी है।
एक साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, अनिल की शादी एक वर्ष पहले ही हुई थी। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। भतीजी की शादी को लेकर घर में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। लगन लेकर जाने की जिम्मेदारी अनिल ने खुद ली थी।
गांव में शोक की लहर है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।



