शादी में गए, लौटे तो क्रेटा गायब: 35 हजार नकदी और दस्तावेज समेत कार चोरी

SHARE:

बरेली। शादी समारोह में शामिल होना एक परिवार को भारी पड़ गया। थाना किला क्षेत्र में मिनी बाईपास स्थित ब्लूमून होटल के बाहर खड़ी क्रेटा कार चोर उड़ा ले गए। कार में 35 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के मूल दस्तावेज भी रखे थे। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।

गंगा रेजीडेंसी, सैदपुर हाकिन्स कर्मचारीनगर निवासी सतेंद्र कुमार ने बताया कि 18 फरवरी की रात वह अपने परिवार के साथ दोस्त रविंद्र पाण्डेय की भतीजी की शादी में शामिल होने ब्लूमून होटल, मिनी बाईपास चौराहा किला रोड गए थे। उन्होंने अपनी क्रेटा कार होटल के बाहर खड़ी की और समारोह में शामिल होने अंदर चले गए।

रात करीब 11:25 बजे जब वह वापस लौटे तो कार मौके से गायब थी। पहले उन्होंने आसपास खुद तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही किला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक कार का पता नहीं चल सका।

पीड़ित के अनुसार कार के भीतर 35 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण पहचान पत्र व वाहन के मूल कागजात रखे थे, जिससे चिंता और बढ़ गई है। किला पुलिस ने सतेंद्र कुमार की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वाहन की तलाश में जुटी है।
लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। मिनी बाईपास जैसे व्यस्त क्षेत्र में होटल के बाहर से कार चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

error: Content is protected !!