संचारी रोगों पर वार: अक्टूबर भर चलेगा अभियान, 12 से घर-घर दस्तक

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विधायक संजीव अग्रवाल और सीडीओ देवयानी ने 300 बेड अस्पताल से रैली को दिखाई हरी झंडी

बरेली। बारिश के बाद संचारी रोगों की आशंका को देखते हुए जिले में एक माह का विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया गया है। गुरुवार को कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने 300 बेड अस्पताल से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य और आईसीडीएस विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी।

अभियान के दौरान नगर विकास और पंचायती राज विभाग की ओर से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई जैसे कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग लोगों को मच्छरजनित और अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताएगा।

अभियान में शिक्षा, कृषि, पशुपालन समेत विभिन्न विभागों को भी जोड़ा गया है। विभागों की टीमें अपने-अपने स्तर से लोगों को साफ-सफाई रखने, जलभराव रोकने और संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य बीमारी फैलने से पहले ही उसके संभावित कारणों पर प्रभावी नियंत्रण करना है।

इस दौरान सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, 300 बेड अस्पताल के अधीक्षक, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, मंडलीय सर्विलांस अधिकारी, नोडल एनयूएचएम, जिला मलेरिया अधिकारी, सहायक मलेरिया अधिकारी, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक समेत मलेरिया विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें