कुलपति परिवार पर लगे आरोपों के बीच प्रो. केपी सिंह ने जताया न्याय पर भरोसा, कहा- जल्द सामने आएगी सच्चाई
बरेली। चर्चित प्रकरण बहेड़ी के पचपेड़ा गांव में किसान भगवान सिंह की आत्महत्या के बाद सामने आए जमीन विवाद ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुसाइड नोट में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर कृष्ण पाल सिंह, उनकी पत्नी संजेश सिंह और कुछ अन्य लोगों पर जमीन कब्जाने तथा प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। मृतक के पुत्र भाग सिंह की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, भगवान सिंह ने वर्ष 1995 में गांव में कृषि भूमि खरीदी थी। बाद में जमीन को लेकर विवाद खड़ा हुआ और कथित फर्जी बैनामे के जरिए भूमि हड़पने की कोशिश का आरोप लगाया गया।
दूसरी ओर, कुलपति प्रो. केपी सिंह ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनका और उनके परिवार का इस प्रकरण से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि निष्पक्ष जांच में वास्तविक तथ्य सामने आएंगे और सच्चाई जल्द स्पष्ट होगी। उनका कहना है कि न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।












