एनआईटी जयपुर से बीटेक के बाद टाटा मोटर्स की नौकरी छोड़ बने आईपीएस, चिराग जैन ने संभाला एसपी सिटी का कार्यभार
अमित शर्मा / बरेली। सन, 2020 बैच के युवा आईपीएस अफसर चिराग जैन ने बुधवार को बरेली के एसपी सिटी का कार्यभार संभाल लिया। आजमगढ़ से स्थानांतरित होकर आए चिराग जैन ने मानुष पारीक का स्थान लिया है। मानुष पारीक को आजमगढ़ का एसपी सिटी बनाया गया है।
राजस्थान के डीग निवासी चिराग जैन ने एनआईटी जयपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। इसके बाद पुणे में टाटा मोटर्स में करीब एक साल नौकरी की, लेकिन सिविल सेवा में जाने के लक्ष्य के लिए वर्ष 2016 में नौकरी छोड़ दी। तीसरे प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर वर्ष 2019 में 160वीं रैंक हासिल की और आईपीएस बने। प्रयागराज में तैनाती के दौरान वर्ष 2022 में अपहरण के एक मामले में उनका अनोखा ऑपरेशन चर्चा में आया था। रिपोर्टों के अनुसार, अपहृत युवती को मुंबई ले गए आरोपी तक पहुंचने के लिए उन्होंने युवती के नाम से सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर बातचीत की। इससे मिले मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। चिराग जैन को 26 जनवरी 2026 को डीजीपी का रजत प्रशंसा चिह्न भी मिल चुका है। आजमगढ़ में विदाई के दौरान पुलिस की वर्दी पहने एक बच्चे की कविता ने उन्हें भावुक कर दिया था। अब बरेली में शहर की कानून-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी उनके पास होगी।













