रजिस्ट्री कार्यालय का बदलेगा चेहरा, लिफ्ट से लेकर प्रतीक्षालय तक की सुविधा

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

1.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी को भेजा, जर्जर सड़क भी होगी दुरुस्त

बरेली। रजिस्ट्री कार्यालय में आने वाले लोगों को जल्द ही बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कार्यालय के कायाकल्प और विस्तार के लिए करीब 1.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को भेज दिया गया है। इसके तहत परिसर में लिफ्ट लगाने के साथ प्रतीक्षालय, शौचालय और बैठने के लिए शेड का निर्माण कराया जाएगा। भवन के आगे पिलर बनाकर बरामदे का भी विस्तार किया जाएगा।

अमर प्रभात ने आठ अगस्त के अंक में ‘कमाई 838 करोड़ रुपये, फिर भी सुविधाओं का अभाव’ शीर्षक से रजिस्ट्री कार्यालय में सुविधाओं की कमी को प्रमुखता से उठाया था। खबर का संज्ञान लेते हुए एआईजी स्टांप की ओर से कार्यालयों के कायाकल्प की पहल की गई है। योजना के तहत सदर तहसील स्थित दोनों रजिस्ट्री कार्यालयों के भवनों का विस्तार और सुंदरीकरण कराया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक बजट जारी होने के बाद पीडब्ल्यूडी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराएगा। एआईजी स्टांप पूनम सिंह ने बताया कि रजिस्ट्री कार्यालय के सुंदरीकरण और विस्तार का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी को भेज दिया गया है। जल्द ही टेंडर कराकर काम शुरू कराया जाएगा। वहीं, कार्यालय के बाहर मुख्य सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से लगने वाले जाम से निजात के लिए विधायक निधि से सड़क मरम्मत का प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें