जलभराव से पैदल निकलना भी दुश्वार, घरों में घुस रहे सांप-बिच्छू; नगर आयुक्त से मिट्टी भरान की मांग
बरेली। सुभाषनगर क्षेत्र के मणिनाथ स्थित वार्ड 12 की गंगानगर कॉलोनी में बारिश थमने के कई दिन बाद भी कच्ची सड़कों से जलभराव नहीं हट सका है। सड़कें पानी और कीचड़ से लबालब हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों के लिए पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। जलभराव के चलते घरों में सांप, बिच्छू और दूसरे कीड़े पहुंचने से लोगों में दहशत भी बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों के साथ निवर्तमान शहर विधानसभा प्रत्याशी (सपा) एवं बरेली विकास प्राधिकरण सदस्य राजेश अग्रवाल ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने जलभराव वाली कच्ची सड़कों पर करीब चार से पांच फीट चौड़ा मलबा अथवा मिट्टी डलवाने की मांग की, जिससे कम से कम पैदल आवागमन का रास्ता बनाया जा सके।
शिकायती पत्र में सुभाषनगर, मढ़ीनाथ की कॉलोनियों और एजाजनगर गौटिया में प्राथमिकता के आधार पर करीब पांच फीट चौड़ा मिट्टी भरान कराने का अनुरोध किया गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बारिश बंद हुए करीब एक सप्ताह हो चुका है, लेकिन जलभराव और कीचड़ की समस्या जस की तस बनी हुई है।
घरों में घुस रहे सांप-बिच्छू, बच्चों-बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी
लोगों के मुताबिक जलभराव के कारण आसपास के घरों में सांप, बिच्छू और तरह-तरह के जहरीले कीड़े निकल रहे हैं। इससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों को खतरा बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जलभराव दूर कराने के साथ कच्ची सड़कों पर मिट्टी भरान कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है। शिकायत के दौरान सुभाषनगर क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।













