ग्राम प्रहरियों का मानदेय 1000 रुपये बढ़ा, अब हर माह मिलेंगे 3500 रुपये; बेटियों से गुस्ताखी करने वालों को सख्त चेतावनी
अमित शर्मा – बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में प्रदेश के करीब 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय 1000 रुपये प्रतिमाह बढ़ाने की घोषणा की। अब उन्हें 2500 रुपये के बजाय 3500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इससे प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में त्योहारों पर उपद्रव होते थे, लेकिन अब लोग सभी पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मना रहे हैं। यूपी की छवि बदली है और प्रदेश दंगों से निकलकर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
योगी ने ग्राम प्रहरियों को पुलिस व्यवस्था की अहम कड़ी , योगी ने ग्राम प्रहरियों को पुलिस व्यवस्था की अहम कड़ी बताते हुए कहा कि गांव में उनकी भूमिका सीसीटीवी कैमरे जैसी है। उनकी एक सूचना बड़ी वारदात रोक सकती है। उन्होंने सप्ताह में एक दिन ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक करने और भूमाफिया की गतिविधियों समेत संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी थाने तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बेटियों से गुस्ताखी पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बेटियों से गुस्ताखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों का अगले चौराहे पर यमराज इंतजार करते हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था से निवेश बढ़ा है, सड़कें बन रही हैं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।
कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों के योगदान पर शॉर्ट फिल्म दिखाई गई और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने उनके इलाज के लिए पांच लाख रुपये के कवर का भी उल्लेख किया। समारोह में डीजीपी राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मंत्री धर्मपाल सिंह, जेपीएस राठौर और अरुण कुमार,मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर समेत वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।













