जनगणना में अब जनता की बारी, 20 मिनट में खुद दर्ज करें परिवार की जानकारी

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

(अमित शर्मा) – बरेली । जनगणना-2027 में अब सिर्फ प्रशासन ही नहीं, जनता की भी अहम भूमिका होगी। आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने नागरिकों से स्व–गणना में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अविनाश सिंह ने प्रेसवार्ता में कहा कि लोग महज 15 से 20 मिनट निकालकर अपने परिवार की जानकारी आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर स्वयं दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया सरल और यूजर फ्रेंडली है। डीएम ने कहा कि स्व–गणना केवल आंकड़े भरने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनगणना को अधिक सटीक और सुविधाजनक बनाने में नागरिकों की सीधी भागीदारी है। इससे लोगों का समय बचेगा और प्रगणकों को भी सही जानकारी जुटाने में सहूलियत होगी। ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने में असमर्थ लोग निर्धारित सवालों के जवाब कागज पर लिखकर रख सकते हैं और प्रगणक के घर पहुंचने पर उपलब्ध करा सकते हैं।

 

उन्होंने सबसे जरूरी बात पर जोर देते हुए कहा कि स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली एसईआईडी (सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी) सुरक्षित रखना अनिवार्य है। एक दिसंबर 2026 से मकान सूचीकरण एवं जनगणना के लिए घर पहुंचने वाले प्रगणक को यह आईडी दिखानी होगी। आईडी उपलब्ध न होने पर स्व-गणना का सत्यापन नहीं हो सकेगा और जानकारी दोबारा दर्ज करनी पड़ सकती है। डीएम ने अभियान का प्रचार करने तथा अफवाहों से बचने की अपील की। भ्रामक सूचनाओं की पुष्टि के लिए जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 0581-2422202 और 0581-2428188 जारी किए गए हैं। प्रदेश स्तर पर टोल फ्री नंबर 1855 भी उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें