बरेली मंडलायुक्त शंभु कुमार ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, अवैध शराब और ओवररेटिंग पर छापेमारी के आदेश
बरेली। धान खरीद केंद्रों पर खरीद शुरू कराने में लापरवाही अब भारी पड़ सकती है। मंडलायुक्त शंभु कुमार ने गुरुवार को मंडलीय समीक्षा बैठक में सभी केंद्रों पर धान खरीद शुरू कराने और केंद्र प्रभारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। त्योहारी सीजन में अवैध शराब और ओवररेटिंग पर कार्रवाई के साथ ही कोहरे में सड़क हादसों का खतरा कम करने के लिए गोवंशों को रेडियम बेल्ट पहनाने का अभियान चलाने को कहा।
विकास भवन सभागार में हुई बैठक में मंडल के चारों जिलों में सरकारी योजनाओं, निर्माण कार्यों और राजस्व वसूली की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और अधिकारियों को प्रगति में सुधार करना होगा।
मंडल में 568 धान क्रय केंद्र, सभी पर खरीद शुरू कराने के निर्देश
बरेली मंडल में धान खरीद के लिए 568 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बरेली के 140, बदायूं के 45, पीलीभीत के 160 और शाहजहांपुर के 223 केंद्र शामिल हैं। मंडलायुक्त ने जिन केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हुई है, वहां कारणों की समीक्षा कर तत्काल खरीद शुरू कराने को कहा। केंद्र प्रभारियों और कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए।
फार्मर रजिस्ट्री नहीं होने से अटक सकता है लाभ
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा भी हुई। अधिकारियों ने बताया कि बीज और खाद लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री जरूरी है। इसके अभाव में किसान सम्मान निधि का लाभ भी प्रभावित हो सकता है। मंडलायुक्त ने शत-प्रतिशत किसानों की रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चिह्नित 601 गांवों में कार्य कराने को कहा। छात्रवृत्ति वितरण में बदायूं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
सड़क मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
गड्ढामुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि सड़कों की मरम्मत का काम धरातल पर दिखना चाहिए। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के बाद जिन सड़कों का पुनर्निर्माण या मरम्मत बाकी है, उनकी सूची जल निगम को उपलब्ध कराई जाए। वहीं, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में बैंक स्तर पर लंबित मामलों को लेकर बरेली और शाहजहांपुर की स्थिति पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने अगली बैठक में लीड बैंक मैनेजर को बुलाने के निर्देश दिए।
कोहरे में हादसे रोकने के लिए गोवंशों को रेडियम बेल्ट
मंडल में 524 गोआश्रय स्थल संचालित हैं। मंडलायुक्त ने सर्दी बढ़ने से पहले गोवंशों को रेडियम बेल्ट पहनाने के लिए अभियान चलाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि गौशालाओं में गोवंशों को खुले में न रखा जाए। ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त शेड, तिरपाल, ताजा पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था हो। गोवंशों को गुड़ देने और जरूरत के अनुसार अलाव जलाने को भी कहा। जिलाधिकारियों को इन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
डेंगू के बढ़ते मामलों पर विशेष नजर
संचारी रोग नियंत्रण अभियान को 15 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है। बैठक में मलेरिया की स्क्रीनिंग बढ़ाने और डेंगू के बढ़ते मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक करने को कहा गया, ताकि बच्चे पूरी बांह और पैर ढकने वाले कपड़े पहनकर आएं।
23 निर्माण कार्य पूरे, फिर भी नहीं हुए हैंडओवर
निर्माण कार्यों की समीक्षा में 23 परियोजनाएं ऐसी मिलीं, जो पूरी होने के बावजूद संबंधित विभागों को हस्तांतरित नहीं की गई हैं। मंडलायुक्त ने लंबित औपचारिकताएं पूरी कराकर इन्हें जल्द हैंडओवर कराने के निर्देश दिए।
त्योहारी सीजन को देखते हुए आबकारी विभाग को अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी और दुकानों पर ओवररेटिंग की जांच करने को कहा गया। नगर निकायों की राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए कर के दायरे से बाहर रह गईं कॉलोनियों को शामिल करने और वार्डवार समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में चारों जिलों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।













