बरेली। नवागत खंड शिक्षा अधिकारी अवनीश प्रताप का शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारियों ने स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षामित्रों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। बीईओ ने समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारियों ने मासिक पावना समय से भेजे जाने, पिछले खंड शिक्षा अधिकारी के स्थानांतरण के कारण मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड के आवेदकों की लंबित पेंडेंसी सहित अन्य समस्याओं से अवगत कराया। पदाधिकारियों ने कहा कि समय से मानदेय न मिलने और चिकित्सा कार्ड से संबंधित प्रकरण लंबित होने के कारण शिक्षामित्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नवागत बीईओ अवनीश प्रताप ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा कार्ड से संबंधित आईडी स्थानांतरित होने वाली है। आईडी प्राप्त होते ही लंबित प्रकरणों के निस्तारण की कार्रवाई प्राथमिकता से की जाएगी। वहीं मासिक पावना समय से भेजने के लिए संबंधित प्रधानाध्यापकों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, जिससे शिक्षामित्रों का मानदेय समय से खातों में पहुंच सके।
बीईओ ने शिक्षामित्रों से विद्यालयों में पूरी निष्ठा और मनोयोग से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षक और शिक्षामित्र मिलकर शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को प्राथमिकता दी जाएगी।
शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारियों ने बीईओ के सकारात्मक रवैये की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनके कार्यकाल में शिक्षकों और शिक्षामित्रों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होगा।
इस दौरान विजय पाल कश्यप, संजीव कुमार गंगवार, खालिद खान, रवि प्रकाश, संजय सिंह, दुर्गा प्रसाद यादव, हरनेक सिंह, फाजिल हुसैन, राजकुमार गंगवार, हसनैन, राजेंद्र प्रसाद, रघुवीर सिंह, सुनीता गंगवार, संजेश पाल सिंह, भजन लाल, भगवान स्वरूप, राजीव शर्मा सहित शिक्षक संघ के भारत वीर गंगवार, केदार सिंह, रवि पराशरी और एआरपी जितेंद्र सिंह तोमर मौजूद रहे।














