उर्स खत्म, जायरीनों की सुरक्षित रवानगी पर प्रशासन की नजर

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेलीआला हजरत उर्स के शांतिपूर्ण समापन के बाद अब जिला प्रशासन और पुलिस की नजर जायरीनों की सुरक्षित रवानगी पर है। शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पैदल गश्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने जायरीनों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया।

डीएम और एसएसपी ने इस्लामिया मैदान, दरगाह मार्ग, बिहारीपुर चौकी, इस्लामिया मार्केट और पटेल चौक समेत आसपास के इलाकों का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान रास्तों पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की स्थिति देखी गई।

अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। खासकर संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया। अधिकारियों की पैदल गश्त से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का संदेश भी गया।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि उर्स के दौरान जायरीनों और आमजन की सुविधा व सुरक्षा के लिए व्यवस्थाएं की गई थीं। अब जायरीनों को उनके घरों तक लौटने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

पैदल गश्त में एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें