बरेली। शनिवार को बरेली ने एक बार फिर अपनी गंगा-जमुनी तहजीब की ऐसी तस्वीर पेश की, जिसने शहर को देशभर में अलग पहचान देने वाले भाईचारे के रंग को और गहरा कर दिया। एक ओर उर्स-ए-रजवी में शामिल होने आए जायरीनों की भीड़ थी और आला हजरत की सदाओं से माहौल गूंज रहा था, तो दूसरी ओर भगवा रंग में सजे कांवड़ियों के जत्थे हर-हर महादेव और बम-बम भोले का जयघोष करते हुए शहर की सड़कों से गुजर रहे थे। आस्था के रास्ते अलग थे, लेकिन एक-दूसरे के सम्मान और सहयोग का भाव दोनों तरफ नजर आया।
आला हजरत का कुल शरीफ संपन्न होने के साथ ही तीन दिवसीय उर्स का समापन हुआ। इसी दौरान सावन की कांवड़ यात्रा भी अपने चरम पर रही। शहर में एक साथ दो बड़े धार्मिक आयोजनों के चलते सड़कों पर भारी भीड़ रही, लेकिन पुलिस और प्रशासन की रणनीति और लोगों के सहयोग से व्यवस्थाएं संभली रहीं।
उर्स में पहली बार शाकाहारी भोजन की पहल
कांवड़ यात्रा को देखते हुए इस बार उर्स के दौरान शाकाहारी भोजन परोसने की पहल भी की गई। आयोजन से जुड़े लोगों ने इसे आपसी सम्मान और भाईचारे का संदेश बताया। इसका असर शहर की सड़कों पर भी दिखाई दिया। कई जगह कांवड़ियों के जत्थों के गुजरने के दौरान जायरीनों ने रास्ता खाली किया। वहीं कई स्थानों पर पुष्पवर्षा और स्वागत के जरिए सौहार्द का संदेश दिया गया।
एक ही रास्ते के आसपास अलग-अलग धार्मिक आयोजनों से जुड़े लोगों की मौजूदगी के बावजूद टकराव के बजाय संयम और सहयोग नजर आया। श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन की अपील के अनुरूप व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।
सड़क से कंट्रोल रूम तक अफसरों की नजर
दोनों धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन के अधिकारी पूरे दिन सक्रिय रहे। एडीजी जोन रमित शर्मा, मंडलायुक्त शंभू कुमार, डीआईजी अजय कुमार साहनी, डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीख और एसपी साउथ अंशिका वर्मा समेत अन्य अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया।
पुलिस लाइन स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से सीसीटीवी कैमरों के जरिए भीड़ की निगरानी की गई। जहां भीड़ का दबाव बढ़ा, वहां पब्लिक एड्रेस सिस्टम से अनाउंसमेंट कर लोगों को व्यवस्थित किया गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी तत्काल आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैरिकेडिंग से संभाला ट्रैफिक, प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस
एसपी ट्रैफिक अकमल खान के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने प्रमुख चौराहों और भीड़ वाले मार्गों पर मोर्चा संभाले रखा। बैरिकेडिंग के जरिए पैदल श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया। कांवड़ियों और जायरीनों की अधिक आवाजाही वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए।
डीएम-एसएसपी ने पैदल घूमकर परखी व्यवस्था
उर्स के समापन के बाद डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पैदल गश्त की। इस्लामिया मैदान, दरगाह मार्ग, बिहारीपुर, इस्लामिया मार्केट और पटेल चौक समेत आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था देखी। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने और जायरीनों के साथ संवेदनशीलता से पेश आने के निर्देश दिए।
वीडियो देखने के लिए 👎














