बीडीए विकास संवाद में 30 आर्किटेक्ट और एलटीपी हुए शामिल, ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति की दिक्कतों पर हुई चर्चा
बरेली। भवन का नक्शा पास कराने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने बृहस्पतिवार को मानचित्र समाधान दिवस और बीडीए विकास संवाद आयोजित किया। प्राधिकरण सभागार में हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने की। करीब 30 आर्किटेक्ट और एलटीपी इसमें शामिल हुए।
कार्यक्रम में ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति पोर्टल पर नक्शे पास कराने में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने आर्किटेक्ट और एलटीपी की समस्याएं सुनीं और जहां संभव हुआ, मौके पर ही उनका समाधान किया। करीब 10 भवन मानचित्रों का मौके पर ही निस्तारण और स्वीकृति कर दी गई। संबंधित मामलों में जरूरी रिपोर्ट भी तत्काल जारी की गईं।जिन मामलों का समाधान मौके पर नहीं हो सका, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
संवाद से आसान होगी नक्शा पास कराने की प्रक्रिया
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए सीधे आर्किटेक्ट, इंजीनियर और दूसरे संबंधित लोगों से संवाद किया जा रहा है। उनका कहना था कि समस्या केवल कार्यालय में देखने के बजाय संबंधित लोगों से बात कर उसका व्यावहारिक समाधान निकालना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिल्डर, डेवलपर, उद्योग, अस्पताल, शिक्षण संस्थान और होटल समेत सभी संबंधित लोगों के सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों के आधार पर व्यवस्था में जरूरी बदलाव किए जाएंगे। बीडीए की ओर से बताया गया कि ‘विकास संवाद’ को आगे भी जारी रखा जाएगा। इसमें नक्शा पास कराने की दिक्कतों के साथ शहर के विकास, निवेश, रोजगार और नागरिक सुविधाओं से जुड़े सुझाव भी लिए जाएंगे।













