तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में थी भर्ती, ड्यूटी पर तैनात दो सिपाही निलंबित
बरेली। जिला अस्पताल में भर्ती महिला बंदी ममता बुधवार शाम पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। वह टॉयलेट जाने के बहाने वार्ड से निकली और बुर्का पहनकर अस्पताल से बाहर निकल गई। घटना की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
तुलाशेरपुर निवासी ममता फरीदपुर के पॉक्सो एक्ट के एक मामले में दिसंबर में अपने बेटे के साथ जेल गई थी। तबीयत खराब होने पर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार शाम करीब सात बजे वह टॉयलेट जाने की बात कहकर निकली। इसके बाद बुर्का पहनकर अस्पताल से बाहर चली गई।
पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अभी तक फुटेज में ममता के अस्पताल से बाहर निकलने की तस्वीर साफ नहीं मिली है। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस रास्ते से बाहर गई और उसे बुर्का कहां से मिला।
सुबह से एक लड़की कर रही थी मुलाकात
जांच में सामने आया है कि बुधवार सुबह से एक लड़की ममता के पास आती-जाती रही थी। बताया जा रहा है कि उसने लोअर और शर्ट पहन रखी थी और वह ममता से बातचीत कर रही थी। पुलिस अब इस लड़की के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
संपर्क में रहने वालों की जांच
पुलिस ममता के बेटे समेत उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और अस्पताल में उससे मिलने वालों की जानकारी जुटा रही है। अस्पताल में भर्ती होने से लेकर फरार होने तक की पूरी घटनाक्रम की जांच की जा रही है। तबीयत बिगड़ने से लेकर फरार होने तक किसी साजिश की भूमिका थी या नहीं, इसे भी जांच में शामिल किया गया है।लापरवाही के मामले में ड्यूटी पर तैनात सिपाही नूतन सिसोदिया और रिकी को एसएसपी ने निलंबित कर दिया है। इंस्पेक्टर कोतवाली राजीव कुमार ने बताया कि महिला की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। फरार होने के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।













