बरेली। अग्निवीर सेना भर्ती की तैयारियां तेज हो गई हैं। जाट रेजीमेंट सेंटर परिसर में 14 से 30 सितंबर तक भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें बरेली समेत 12 जिलों के हजारों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
भर्ती की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जाट रेजीमेंट सेंटर में जिला प्रशासन और सेना के अधिकारियों की बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. अविनाश त्रिपाठी ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, अस्थायी शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, प्रकाश और सफाई की व्यवस्था की जाएगी। भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
भर्ती में बरेली, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं के अभ्यर्थी शामिल होंगे। सेना भर्ती निदेशक रजनीश अय्यर ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से एडमिट कार्ड और सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने को कहा। साथ ही दलालों और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।













