दो साल पहले हार्ट अटैक से हुई थी पत्नी की मौत, त्योहार के दिन गमगीन हुआ सूरज, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
बरेली। करवाचौथ पर सुहाग की लंबी उम्र की कामना के लिए घर-घर व्रत और पूजा की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच किला क्षेत्र के चाहबाई में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने एक परिवार को चिंता में डाल दिया। करीब दो साल पहले पत्नी को खो चुके तीन बच्चों के पिता सूरज कश्यप ने उसकी याद में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।
30 वर्षीय सूरज कश्यप पन्नीलाल कश्यप का बेटा है। वह कैटरिंग का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता है। करीब दो साल पहले हार्ट अटैक से उसकी पत्नी कमलेश की मौत हो गई थी। पत्नी के जाने के बाद तीन बच्चों की जिम्मेदारी सूरज के कंधों पर आ गई। परिजनों के मुताबिक, त्योहार के मौके पर उसे पत्नी की कमी ज्यादा खलती थी।
गुरुवार को करवाचौथ के दिन पत्नी की यादों में खोए सूरज ने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिवार के लोग घबरा गए। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर गजेंद्र सिंह की देखरेख में उसका इलाज शुरू किया गया। फिलहाल उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। पत्नी की मौत के बाद तीन बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी संभाल रहे सूरज के इस कदम से परिवार के लोग परेशान हैं। घटना के पीछे की परिस्थितियों के बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।













