बरेली। ‘ये मैं आखिरी हूं, मेरे बाद मैं नहीं मिलेगा’… जलती चिता की तस्वीर के साथ लिखे इन शब्दों के अगले ही दिन 22 वर्षीय मिथुन मौर्य की लाश खेत में मिली। सिर में गोली लगने से उसकी मौत हुई थी। शुक्रवार रात चचेरे भाई की शादी में शामिल होने घर से निकला मिथुन वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह बादशाह नगर में झाड़ियों के पास उसका खून से लथपथ शव मिला। एक दिन पहले की गई इंस्टाग्राम पोस्ट अब इस पूरे मामले की जांच का अहम पहलू बन गई है।

सीबीगंज के बादशाह नगर निवासी मिथुन मौर्य एक क्लिनिक में प्राइवेट नौकरी करता था। शुक्रवार को घर में चचेरे भाई की शादी थी। रात में वह घर से करीब 500 मीटर दूर शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसके बाद से वह लापता हो गया। शनिवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने खेत में झाड़ियों के पास उसका शव पड़ा देखा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। मिथुन के सिर में गोली लगी थी. शुरुआती जांच में गोली नजदीक से मारे जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने साक्ष्य जुटाए
मौके पर थाना पुलिस के साथ फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए. एसपी सिटी चिराग जैन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मिथुन की मौत हत्या है या उसने खुद को गोली मारी. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस आत्महत्या के पहलू को भी खारिज नहीं कर रही है।
इंस्टाग्राम पर किया था पोस्ट
इसी बीच मिथुन की इंस्टाग्राम पोस्ट ने मामले को और उलझा दिया है। मौत से एक दिन पहले उसने अपने अकाउंट पर जलती हुई चिता की तस्वीर पोस्ट की थी। इसके साथ लिखा था, ‘ये मैं आखिरी हूं, मेरे बाद मैं नहीं मिलेगा।’ इस पोस्ट के पीछे की वजह क्या थी और क्या मिथुन किसी तनाव में था, पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें-जनगणना में अब जनता की बारी, 20 मिनट में खुद दर्ज करें परिवार की जानकारी












