बरेली रेंज की कमान संभालेंगे गैलेंट्री मेडल से सम्मानित आईपीएस मुनिराज जी, 2018 में एसएसपी बनकर भी कर चुके हैं जिले की कमान संभालने का अनुभव
बरेली। अपराध और अपराधियों पर सख्ती के लिए पहचाने जाने वाले 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी मुनिराज जी को 12 नवंबर को बरेली रेंज का डीआईजी नियुक्त किया गया है। उनकी तैनाती से कानून-व्यवस्था को लेकर नई उम्मीदें जुड़ी हैं। खास बात यह है कि मुनिराज जी बरेली के लिए नए नहीं हैं। 14 जुलाई 2018 को उन्होंने जिले के एसएसपी का कार्यभार संभाला था। करीब आठ साल बाद अब वह डीआईजी के रूप में बरेली लौटे हैं। मुनिराज जी को स्वतंत्रता दिवस 2026 पर गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2021 में आगरा के चर्चित डॉक्टर अपहरणकांड में उन्होंने साहसिक नेतृत्व का परिचय दिया था। 21 जुलाई 2021 को ट्रांस यमुना क्षेत्र स्थित विद्या नर्सिंग होम के संचालक डॉ. उमाकांत गुप्ता का अपहरण कर पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। तत्कालीन एसएसपी मुनिराज जी के नेतृत्व में पुलिस ने डॉक्टर को सकुशल मुक्त कराया। बाद में मुठभेड़ में बदन सिंह और अक्षय कुमार मारे गए। तमिलनाडु के धर्मपुरी निवासी मुनिराज जी कृषि कीट विज्ञान में एमएससी हैं। उन्हें डीजी कमेंडेशन डिस्क के सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम सम्मान भी मिल चुके हैं।












