निर्माण में देरी और गुणवत्ता पर मंडलायुक्त की नजर

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सेंट्रल पार्क से रामगंगा नगर तक परियोजनाओं का निरीक्षण, अफसरों से मांगी प्रगति रिपोर्ट

बरेली : बीडीए की बड़ी परियोजनाओं को लेकर मंडलायुक्त शंभू कुमार ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने बीडीए के पिछले दो महीने के कामकाज की जानकारी लेने के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की हकीकत भी देखी। अधिकारियों को साफ कहा कि परियोजनाएं समय से पूरी हों और निर्माण की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।

बैठक में बीडीए उपाध्यक्ष ने कैनाल फ्रंट, नाथ कॉरिडोर, चौराहों के सुंदरीकरण और जनसमस्याओं के समाधान के लिए चलाए जा रहे शिविरों की जानकारी दी। मंडलायुक्त ने इन कामों को आगे बढ़ाने और लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करने पर जोर दिया।

इसके बाद वह ग्रेटर बरेली के सेंट्रल पार्क पहुंचे। यहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के बाद रामगंगा नगर आवासीय योजना पहुंचे। यहां निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर, लाइब्रेरी, स्पोर्ट्स स्टेडियम और बालिका इंटर कॉलेज को देखा। उन्होंने अभियंताओं से पूछा कि काम कहां तक पहुंचा है और कब तक पूरा होगा।

मंडलायुक्त ने निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तय समय सीमा का पालन हो और मानकों से किसी तरह का समझौता न किया जाए। इसके बाद उन्होंने रामायण वाटिका का भी निरीक्षण किया।

मानचित्र समाधान दिवस में सुनीं समस्याएं

बीडीए सभागार में मानचित्र समाधान दिवस भी आयोजित किया गया। इसमें वास्तुविदों और आम लोगों ने मानचित्र स्वीकृति से जुड़ी दिक्कतें बताईं। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा की।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें