लखनऊ/बरेली। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के स्वर्गीय पिता हरिकिशन मित्तल की स्मृति में लखनऊ की राजभवन कॉलोनी स्थित सीएसआई क्लब में शोकसभा आयोजित की गई। इसमें पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, गणमान्य लोगों और समाजसेवियों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा।
बरेली से पहुंचे समाजसेवी अशोक आहूजा ने डीजीपी राजीव कृष्ण से मुलाकात कर उनके पिता के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने हरिकिशन मित्तल के सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि किसी अपने का अचानक दुनिया से चले जाना परिवार के लिए ऐसी पीड़ा है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। शोकसभा में मौजूद लोगों ने हरिकिशन मित्तल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की।
इस मौके पर एडीजी सीबीसीआईडी आशुतोष गुप्ता, पूर्व डीआईजी राजीव मल्होत्रा, पूर्व एडीजी ब्रजभूषण शर्मा समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।














