उमंग की ‘तकनीकी उमस’ ने बढ़ाई पीएफ दफ्तर की दौड़

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ऑनलाइन सुविधा ठप तो काउंटरों पर उमड़ी भीड़, पासबुक से केवाईसी तक अटके काम,समस्या दूर कराने में जुट क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त 

अमित शर्मा/बरेली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की ऑनलाइन सेवाओं का सहारा लेने वाले हजारों अंशधारकों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उमंग पोर्टल पर लगातार तकनीकी दिक्कतों के चलते पीएफ से जुड़े सामान्य काम भी अब सदस्यों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। सर्वर और लॉगिन संबंधी समस्या के कारण ऑनलाइन जानकारी हासिल करने में बाधा आ रही है। उमंग पोर्टल के जरिए कर्मचारी घर बैठे पीएफ बैलेंस, पासबुक, केवाईसी समेत कई जरूरी सेवाओं का लाभ लेते थे। तकनीकी खामी के चलते इन सेवाओं की उपलब्धता प्रभावित होने से सदस्यों को जानकारी और समाधान के लिए ईपीएफओ कार्यालय का रुख करना पड़ रहा है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचने से हेल्प डेस्क और विभिन्न काउंटरों पर भीड़ का दबाव बढ़ गया है।

कई सदस्य घंटों इंतजार के बाद अपनी समस्या दर्ज करा रहे हैं। खासकर पीएफ बैलेंस और पासबुक संबंधी जानकारी के लिए कार्यालय पहुंचने वालों की संख्या अधिक बताई जा रही है।

क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त अनिल कुमार के मुताबिक उमंग पोर्टल की तकनीकी समस्या को दूर करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही ऑनलाइन सेवाएं सामान्य होने की उम्मीद है। तब तक सदस्य आवश्यक होने पर ईपीएफओ कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें