झुमका से इन्वर्टिस तक जाम से मिलेगी निजात, बरेली में तीन बड़े फ्लाईओवरों को मिली रफ्तार

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। लंबे समय से जाम की समस्या झेल रहे झुमका तिराहा, इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी तिराहा और बड़े बाईपास स्थित बिल्वा फार्म क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इन तीनों स्थानों पर प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार को भेजी है।

एनएचएआई के महाप्रबंधक (तकनीकी) सुनील कुमार के अनुसार मुरादाबाद-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के 4/6 लेन चौड़ीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। इसी डीपीआर में इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी तिराहा और बड़े बाईपास पर बिल्वा फार्म के पास नैनीताल मार्ग के लिए प्रस्तावित फ्लाईओवर को शामिल किया जाएगा।

सबसे बड़ी प्रगति झुमका तिराहे के फ्लाईओवर को लेकर हुई है। एनएचएआई के मुताबिक यहां प्रस्तावित छह लेन फ्लाईओवर को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ब्लैक स्पॉट योजना के तहत मंजूरी दे दी है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और ठेकेदार के चयन के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

दरअसल, झुमका तिराहा, इन्वर्टिस तिराहा और बिल्वा फार्म क्षेत्र शहर के सबसे व्यस्त यातायात बिंदुओं में गिने जाते हैं। यहां रोजाना लगने वाले जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। फ्लाईओवर बनने के बाद न केवल शहरवासियों को राहत मिलेगी बल्कि नैनीताल, दिल्ली, लखनऊ और मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी अधिक सुगम और तेज हो सकेगी।

सांसद की पहल से आगे बढ़ी परियोजना

लोकसभा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने दिसंबर 2025 में इन प्रमुख चौराहों और तिराहों पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग उठाते हुए एनएचएआई को पत्र भेजा था। अब प्राधिकरण की ओर से भेजी गई आख्या में इन परियोजनाओं को लेकर सकारात्मक प्रगति सामने आई है, जिससे शहरवासियों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में बरेली को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें