बरेली बना अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह का केंद्र; हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह का रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य आगाज हुआ। सुबह होते ही स्टेडियम में योग साधकों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सामूहिक योगाभ्यास के जरिए स्वस्थ जीवन और फिट इंडिया का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल,बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, विधायक बहोरन लाला,जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं से नियमित योग करने का आह्वान किया।

योग प्रशिक्षकों ने सूर्य नमस्कार, कपालभाति, अनुलोम-विलोम और अन्य योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योग से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा तनाव और बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है।

वन मंत्री अरुण कुमार ने कहा कि योग भारत की वह पहचान है, जिसने विश्व मंच पर देश का गौरव बढ़ाया है। आज पूरी दुनिया भारतीय योग पद्धति को अपना रही है। विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है और हर व्यक्ति को प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान ‘फिट इंडिया’ और ‘स्वस्थ भारत’ का संदेश भी दिया गया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि 15 से 21 जून तक जिले के विभिन्न स्थानों पर योग सप्ताह के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम होगा।

खास बात
स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास, नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। योग सप्ताह के शुभारंभ पर पूरे परिसर में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें