सांसद छत्रपाल गंगवार करेंगे उद्घाटन, रुहेलखंड की हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगा नया विस्तार
बरेली। रुहेलखंड के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बरेली एयरपोर्ट से आगामी 1 जुलाई से जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस का ATR-72 विमान पहली उड़ान में 78 यात्रियों को लेकर जेवर के लिए रवाना होगा। इस नई सेवा का उद्घाटन बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार करेंगे। उड़ान शुरू होने को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार बरेली-जेवर रूट पर 78 सीटों की क्षमता वाला ATR-72 विमान संचालित किया जाएगा। विमान में यात्रियों को इकोनॉमी श्रेणी की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हालांकि फिलहाल इस उड़ान के लिए टिकट बुकिंग शुरू नहीं हुई है।
दिल्ली-एनसीआर तक पहुंच होगी आसान
जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से बरेली समेत पूरे रुहेलखंड क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर तक तेज और सुविधाजनक पहुंच मिलेगी। इससे व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन क्षेत्रों से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों के लिए भी यह सेवा फायदेमंद साबित होगी।
देश के अन्य शहरों से जोड़ने की तैयारी
एयरपोर्ट प्रशासन ने गोवा, चेन्नई, हैदराबाद और जयपुर के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू कराने के प्रस्ताव भेजे हैं। यदि ये प्रस्ताव मंजूर होते हैं तो भविष्य में बरेली देश के प्रमुख शहरों से सीधे हवाई मार्ग से जुड़ सकेगा।
क्या है ATR-72 की खासियत?
फ्रांस और इटली की संयुक्त परियोजना के तहत निर्मित ATR-72 एक आधुनिक ट्विन इंजन टर्बोप्रॉप विमान है, जिसे विशेष रूप से क्षेत्रीय और कम दूरी की उड़ानों के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता कम ईंधन खपत, छोटे रनवे से संचालन की क्षमता और कम परिचालन लागत है। विमान में एक साथ 78 यात्रियों के बैठने की सुविधा उपलब्ध है।
“बरेली से 1 जुलाई को जेवर के लिए हवाई सेवा शुरू की जा रही है। ATR-72 विमान 78 यात्रियों को लेकर पहली उड़ान भरेगा। इस सेवा का उद्घाटन सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार करेंगे।”— अवधेश अग्रवाल, एयरपोर्ट डायरेक्टर, बरेली













