बरेली। गढ़-मंडला की वीरांगना गोंड महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनके अदम्य साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को याद किया गया। इस अवसर पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महारानी दुर्गावती के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव तथा संयोजन महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि महारानी दुर्गावती भारतीय इतिहास की ऐसी वीरांगना थीं जिन्होंने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष किया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी महारानी दुर्गावती ने जिस साहस और पराक्रम का परिचय दिया, वह आज भी महिलाओं और युवाओं को अन्याय के खिलाफ डटकर खड़े होने की प्रेरणा देता है। समाजवादी पार्टी सदैव देश के महापुरुषों और वीरांगनाओं के योगदान का सम्मान करती रही है।
कार्यक्रम का संचालन महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि महारानी दुर्गावती का जीवन त्याग, जनसेवा और संघर्ष का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक मजबूत और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर पार्षद दल नेता गौरव सक्सेना, अशोक यादव, पार्षद मोहम्मद आरिफ कुरैशी, पार्षद शमीम अहमद, सिम्पल कन्नौजिया, हरिओम प्रजापति, सुरेश गंगवार, पीयूष वर्मा, रमीज हाशमी, ऋषि यादव, जितेंद्र मुंडे, नीरज गुप्ता, रियाज हुसैन रजा, नीरज सैनी, महेंद्र विक्रम लोधी, कुलदीप राना, रामसेवक प्रजापति, भानु प्रताप सिंह, गंगा सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।













