लखनऊ अग्निकांड के बाद बरेली में 7 कोचिंग सेंटरों पर गिरी प्रशासन की गाज

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

47 संस्थानों की जांच में खुली पोल, नियमों को ताक पर रखकर चल रहे थे कई कोचिंग सेंटर

बरेली। लखनऊ के दर्दनाक अग्निकांड के बाद बरेली प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। छात्रों की सुरक्षा से जुड़े बड़े अभियान के तहत बुधवार को दूसरे दिन भी शहर के कोचिंग संस्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी और निरीक्षण किया गया। प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग और विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने 47 कोचिंग संस्थानों की जांच की, जिसमें कई जगह गंभीर खामियां सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान कई कोचिंग संस्थान सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर संचालित होते मिले। कहीं अग्निशमन व्यवस्था नदारद थी तो कहीं आपातकालीन निकास की व्यवस्था नहीं मिली। कई संस्थान आवासीय भवनों में नियमों के विपरीत संचालित पाए गए। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सात कोचिंग संस्थानों को मौके पर ही सील कर दिया।

कार्रवाई की जद में आए संस्थानों में उमेगा क्लासेस, मैट्रिक्स पुलिस एकेडमी, मैडिट (जेईई/नीट), परिवर्तन कॉमर्स क्लासेस, शरद कोचिंग और आशीष क्लासेस समेत अन्य संस्थान शामिल हैं।

अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर) अविनाश त्रिपाठी, एसपी सिटी मानुष पारिक, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा और मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया। कई संस्थानों में निरीक्षण की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि छात्रों की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। लखनऊ हादसे से सबक लेते हुए जिले भर में कोचिंग संस्थानों, स्कूलों और अन्य शिक्षण केंद्रों की जांच लगातार जारी रहेगी। नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई होगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें