ठेले के नीचे रोता मिला नवजात… आधी रात की सिसकियों ने पिघलाया दिल, पुलिस और 1098 बनी मासूम के लिए फरिश्ता

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सैटेलाइट बस अड्डे पर लावारिस हालत में मिला शिशु, बारादरी पुलिस ने बचाई जान, अब परिजनों की तलाश शुरू।

बरेली। रात के करीब डेढ़ बजे… शहर की रफ्तार थम चुकी थी, लेकिन सैटेलाइट बस अड्डे पर एक मासूम की सिसकियां अंधेरे को चीर रही थीं। एक ठेले के नीचे लावारिस हालत में पड़ा नवजात जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था। सूचना मिलते ही थाना बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची और मासूम को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जिंदगी बचा ली।

पुलिस ने बच्चे को तत्काल सुरक्षित संरक्षण में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शिशु को चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 की टीम के सुपुर्द किया गया। टीम ने बच्चे को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया, जहां से आदेश मिलने के बाद उसे राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई में सुरक्षित रखा गया।

फिलहाल बच्चे के माता-पिता या परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

चाइल्ड हेल्प लाइन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस मासूम या उसके परिवार के बारे में कोई जानकारी हो तो तत्काल 1098 या थाना बारादरी को सूचना दें। एक छोटी-सी जानकारी इस बच्चे को उसके अपनों तक पहुंचा सकती है।

अधिकारियों ने नागरिकों से यह भी कहा है कि यदि कहीं कोई बच्चा लावारिस, असहाय या संकट में दिखाई दे तो बिना देर किए 1098 पर सूचना दें। समय पर दी गई सूचना किसी मासूम की जिंदगी बचा सकती है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें