15 दिन बंद रहेगी सुभाषनगर पुलिया, बदलेगा शहर का ट्रैफिक रूट

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली: सुभाषनगर पुलिया के नीचे से गुजर रहे मुख्य नाले की सफाई के लिए पुलिया को 15 दिन तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है. इससे सुभाषनगर, करगैना, मढ़ीनाथ, शांति विहार, रामपुर गार्डन और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ेगा. नगर निगम ने मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को देखते हुए यह कदम उठाया है. 

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार पुलिया के नीचे से गुजरने वाले बड़े नाले में वर्षों से जमा सिल्ट और कचरे की तलीझाड़ सफाई कराई जाएगी. इसके लिए पुलिया पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकनी पड़ेगी. ट्रैफिक डायवर्जन लागू होने के दौरान लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा.

सुभाषनगर पुलिया शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है. रोजाना हजारों दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं. पुलिया बंद होने के बाद चौपुला पुल और अन्य वैकल्पिक मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की संभावना है. लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है.

नगर निगम का कहना है कि मानसून के दौरान सुभाषनगर और आसपास के इलाकों में जलभराव की सबसे बड़ी वजह इसी नाले में जमा गाद और कचरा है. सफाई पूरी होने के बाद पानी की निकासी बेहतर होगी और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है. अधिकारियों ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है.

इससे पहले भी नाले की सफाई के लिए सुभाषनगर पुलिया पर ट्रैफिक रोका जा चुका है. इस बार भी नगर निगम का दावा है कि तय समय में काम पूरा कर पुलिया को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया जाएगा. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि काम समय पर और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, ताकि हर मानसून में होने वाली जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकल सके.

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें