ईशान ग्वाल बने उत्तर प्रदेश ताइक्वान्डो संघ के अध्यक्ष, खिलाड़ियों के लिए किए बड़े ऐलान

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बोले-हर जिले तक पहुंचाएंगे निःशुल्क प्रशिक्षण, ताइक्वान्डो भवन के निर्माण और खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री से मिलाने का रहेगा प्रयास

बरेली। फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक स्व. डॉ. प्रो. श्यामबिहारी लाल के पुत्र ईशान ग्वाल को उत्तर प्रदेश ताइक्वान्डो संघ का मनोनीत अध्यक्ष बनाया गया है। उनके मनोनयन के साथ ही प्रदेश के खेल जगत में नई उम्मीद जगी है। पदभार संभालते ही ईशान ग्वाल ने खिलाड़ियों के हित में कई अहम घोषणाएं कीं और ताइक्वान्डो को प्रदेश के हर जिले तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

उत्तर प्रदेश ताइक्वान्डो संघ के महासचिव अनिल कुमार ने उन्हें मनोनयन पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि संगठन को विश्वास है कि ईशान ग्वाल के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में ताइक्वान्डो को नई पहचान मिलेगी और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे।

पिता की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प

पदभार ग्रहण करने के बाद ईशान ग्वाल ने कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्व. डॉ. प्रो. श्यामबिहारी लाल हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने और खेलों को प्रोत्साहित करने की बात करते थे। अब उन्हें उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और प्रदेश में ताइक्वान्डो को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

हर जिले में निःशुल्क प्रशिक्षण की तैयारी

ईशान ग्वाल ने बताया कि उनकी प्राथमिकता प्रदेश के हर जिले, खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्रों के बच्चों तक निःशुल्क ताइक्वान्डो प्रशिक्षण पहुंचाने की होगी। उनका मानना है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती और सही मंच मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

ताइक्वान्डो भवन और मुख्यमंत्री से मुलाकात का प्रयास

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ताइक्वान्डो संघ के लिए एक समर्पित ताइक्वान्डो भवन का निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। साथ ही प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री से मिलवाने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें सम्मान और प्रोत्साहन मिल सके।

ईशान ग्वाल ने कहा कि खिलाड़ियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।

‘खिलाड़ी केंद्रित होगा संगठन’

नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि संगठन का हर फैसला खिलाड़ियों के हित को ध्यान में रखकर लिया जाएगा। प्रशिक्षकों और खेल विशेषज्ञों के सुझावों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के सहयोग से उत्तर प्रदेश ताइक्वान्डो संघ नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

बरेली समेत प्रदेशभर से मिली शुभकामनाएं

ईशान ग्वाल के अध्यक्ष बनने की घोषणा के बाद बरेली सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। खेल प्रेमियों का कहना है कि युवा नेतृत्व मिलने से उत्तर प्रदेश में ताइक्वान्डो को नई गति मिलेगी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए नए अवसर खुलेंगे।

पूर्व विधायक स्व. डॉ. प्रो. श्यामबिहारी लाल शिक्षा, समाजसेवा और जनहित के कार्यों के लिए जाने जाते थे। ऐसे में ईशान ग्वाल का यह नया दायित्व उनकी विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें