फरियादियों को राहत, अफसरों को फटकार… समाधान दिवस में डीएम का सख्त संदेश

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। नवाबगंज तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अविनाश सिंह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने एक-एक फरियादी की शिकायत सुनी और अधिकारियों को साफ शब्दों में निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

कार्यक्रम में विधायक डॉ. एम.पी. आर्य भी मौजूद रहे। समाधान दिवस में सड़क, आवास, पेंशन, राजस्व और भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। ग्राम तुमड़िया के ग्रामीण ने सड़क निर्माण के बाद मुआवजा न मिलने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने एडीएम न्यायिक और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

ग्राम चेना के दिव्यांग की पेंशन, खामपुर उर्फ गंगापुर की बालिका का जन्म प्रमाण पत्र और गोशलपुर की निराश्रित वृद्ध महिला के आवास व भूमि के मामले में भी संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।

 

समाधान दिवस के दौरान सबसे बड़ी राहत ममता देवी को मिली। पात्रता पूरी होने पर उनका राशन कार्ड मौके पर ही बनाकर सौंप दिया गया। इससे उन्हें तुरंत सरकारी योजना का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और हर शिकायत का तय समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, एसडीएम सचिन यादव, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, तहसीलदार अभिषेक तिवारी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें