बरेली। 108वें उर्स-ए-आला हजरत के मद्देनज़र जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने 6, 7 और 8 अगस्त 2026 को विशेष अवकाश घोषित किया है। उर्स में देश-विदेश तथा विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में जायरीन (मुरीद) के आने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था, जाम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 6, 7 और 8 अगस्त को उर्स स्थल से प्रभावित 10 विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इनमें इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, एफ.आर. इस्लामिया इंटर कॉलेज, कस्तूरबा नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज, खलील उच्च माध्यमिक विद्यालय, एस.वी. इंटर कॉलेज, डी.ए.वी. कालीचरण उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामभरोसे लाल गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शामिल हैं। इसके अलावा उर्स के अंतिम दिन 8 अगस्त को बरेली नगर क्षेत्र के सभी यूपी बोर्ड, बेसिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड के विद्यालयों, तकनीकी कॉलेजों, महाविद्यालयों, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक शिक्षण संस्थानों में भी अवकाश रहेगा।हालांकि, यदि किसी विश्वविद्यालय, महाविद्यालय या अन्य शिक्षण संस्थान में किसी बोर्ड अथवा विश्वविद्यालय की पूर्व निर्धारित परीक्षा है, तो वह अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होगी। जिला प्रशासन ने कहा है कि यह निर्णय उर्स के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़, संभावित यातायात दबाव और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।











