54 रक्तवीरों ने किया रक्तदान, जरूरतमंदों को जीवन देने का दिया संदेश

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नाथ नगरी रक्तदान सेवा ट्रस्ट की ओर से आनंद आश्रम, बरेली कॉलेज के पास स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में 65 लोगों ने रक्तदान के लिए सहभागिता की, जिसमें 54 लोगों ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने देश के वीर सपूतों को नमन करते हुए मानव सेवा का संदेश दिया।

शिविर का शुभारंभ संस्था के संरक्षक और संस्थापक सदस्य सर्वेश वर्मा ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर रक्तदान करना देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि है। रक्त की एक बूंद किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में काम आ सकती है। उन्होंने लोगों से रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर कर अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ने की अपील की।

संस्था के संस्थापक एवं सचिव रामाशीष (आशीष यादव) ने कहा कि रक्तदान से बड़ा मानव सेवा का उदाहरण मुश्किल है। किसी जरूरतमंद को समय पर रक्त मिल जाए तो उसके परिवार की खुशियां लौट सकती हैं। संस्था के निदेशक एवं संस्थापक सदस्य बृजेश तिवारी ने बताया कि संस्था हर महीने रक्तदान शिविर आयोजित करेगी। इसका उद्देश्य जिले में रक्त की कमी के कारण किसी जरूरतमंद की जान न जाने देना है।

मीडिया प्रभारी निवास यादव ने बताया कि शिविरों के जरिए लोगों को नियमित रक्तदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। खासकर थैलेसीमिया, कैंसर, हीमोफीलिया और सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बढ़ाना संस्था की प्राथमिकता है।

शिविर में अमित गौड़, शिवम यादव, अमित कौशिक, सुमित शर्मा, गौरव गंगवार, अभिषेक और अंकुर सक्सेना समेत कई लोगों ने रक्तदान किया। संस्था के अध्यक्ष अनूप किशोर शर्मा ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि जल्द ही बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर रक्तदान, अंगदान और शैक्षिक गतिविधियों को समाजसेवा से जोड़ा जाएगा। शिविर को सफल बनाने में सचिन गुप्ता, गगन, शुभम सक्सेना, नितिन जायसवाल, रविंद्र सिंह, संतोष सक्सेना, निर्मल सैनी, आकाश कन्नौजिया, राहुल कुमार, राहुल यादव और सत्यम श्रोतिया समेत संस्था के सदस्यों का सहयोग रहा। आनंद आश्रम ट्रस्ट की ओर से मंत्री अनिल अग्रवाल, प्रेम शंकर, पंकज कुमार अग्रवाल और विवेक अग्रवाल ने सहयोग किया। श्रीराम मूर्ति स्मारक ब्लड बैंक की टीम ने रक्त संग्रह और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें