बरेली। संभल जिले के बहजोई तहसील निवासी और इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के छात्र यथार्थ वार्ष्णेय का सोमवार सुबह सैटेलाइट बस स्टैंड पर ऑटो में बैग छूट गया। बैग में पढ़ाई से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य कीमती कागजात थे। छात्र ने मामले की जानकारी सैटेलाइट चौकी प्रभारी मयंक भारद्वाज को दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस टीम ने कैमरों की मदद से उस ऑटो को ट्रेस किया, जिसमें छात्र का बैग छूटा था। इसके बाद ऑटो चालक को चौकी पर बुलाकर बैग की तलाश की गई।पुलिस ने बैग बरामद कर उसे सुरक्षित छात्र यथार्थ वार्ष्णेय को सौंप दिया। बैग मिलने के बाद छात्र ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए चौकी प्रभारी मयंक भारद्वाज और उनकी टीम का धन्यवाद किया। छात्र ने कहा कि पुलिस की इस पहल से उसका पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।














