बरेली। दिव्यांगों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर संतोषी वेलफेयर सोसाइटी ने मंगलवार को आवाज उठाई। राष्ट्रीय अध्यक्ष सविता शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में दिव्यांग कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में दिव्यांगों को मुफ्त घरेलू बिजली कनेक्शन देने के साथ बिजली बिल में पूर्ण छूट की मांग की गई। संस्था ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगों के सामने महंगाई के दौर में परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में दिव्यांग पेंशन की राशि बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह की जानी चाहिए।
सोसाइटी ने दिव्यांगों के बच्चों की प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक निशुल्क व्यवस्था किए जाने की भी मांग उठाई। इसके साथ ही बच्चों को सरकारी स्तर पर किताबें, कॉपियां और ड्रेस उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो।
सविता शर्मा ने कहा कि दिव्यांगों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिलना चाहिए। ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए विकास भवन, समाज कल्याण, पूर्ति और शिक्षा विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो संस्था दिव्यांगों के अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन करेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में दिव्यांग मौजूद रहे।














