बरेली। आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष ओमवती गंगवार के नेतृत्व में बुधवार को बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दामोदर पार्क से कलेक्ट्रेट तक पहुंचकर प्रदर्शन किया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर मानदेय समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
एसोसिएशन ने शासन की ओर से बढ़ाई गई 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रोत्साहन राशि को अलग रखने के कारण इसके भुगतान में लगातार देरी होती है। कई जिलों में पहले से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी समय से नहीं मिल रही है। कहीं कई महीनों की राशि लंबित है तो कहीं छह महीने से लेकर एक साल तक भुगतान नहीं किया गया है।
कार्यकर्ताओं ने पोषण ट्रैकर एप के जरिए जीपीएस से आंगनबाड़ी केंद्र खोलने और संचालन की उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था का भी विरोध किया। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या बनी रहती है। कई कार्यकर्ताओं के मोबाइल में रिचार्ज न होने के कारण भी एप पर समय से उपस्थिति दर्ज करना मुश्किल होता है।
कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि विभागीय बैठकों, प्रशिक्षण, परियोजना कार्यालय और अन्य सरकारी कार्यों के लिए उन्हें अक्सर केंद्र से बाहर जाना पड़ता है। ऐसे में जीपीएस के जरिए केंद्र पर मौजूदगी दर्ज कराने की व्यवस्था व्यवहारिक नहीं है।
एसोसिएशन ने 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने, लंबित प्रोत्साहन राशि का तत्काल भुगतान कराने और जीपीएस आधारित उपस्थिति व्यवस्था लागू नहीं करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।














