258 वोटों की जीत पर कोर्ट का प्रहार, भाजपा विधायक ओम कुमार का निर्वाचन रद्द

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हलफनामे में पांच साल की आय का पूरा ब्योरा नहीं देना पड़ा भारी, हाईकोर्ट ने नामांकन को माना अनुचित; 15 दिन तक सीमित राहत, न सदन में वोट दे सकेंगे और न मिलेगा आर्थिक लाभ

उत्तर प्रदेश की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बिजनौर जिले की नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ओम कुमार का निर्वाचन रद्द कर दिया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के प्रत्याशी मुंशी राम को महज 258 वोटों से हराया था। करीब चार साल तक चली कानूनी लड़ाई के बाद न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की एकल पीठ ने मुंशी राम की चुनाव याचिका आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए यह फैसला सुनाया।

विवाद की जड़ ओम कुमार की ओर से नामांकन के समय निर्वाचन आयोग को दिया गया हलफनामा था। मुंशी राम ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि ओम कुमार ने फॉर्म-26 में अपनी पांच साल की आय का पूरा विवरण नहीं दिया था। उन्होंने केवल एक साल की आय का ब्योरा प्रस्तुत किया, जबकि शेष वर्षों की जानकारी भी देना जरूरी था। याचिकाकर्ता ने इसी आधार पर नामांकन को नियमों के विपरीत बताते हुए उनका निर्वाचन निरस्त करने की मांग की थी।

अदालत ने सुनवाई के दौरान पाया कि ओम कुमार के हलफनामे में गंभीर प्रकृति की कमी थी। कोर्ट के मुताबिक, फॉर्म-26 में यह त्रुटि सामान्य नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण थी। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 36(2) और 36(4) के तहत ऐसी स्थिति में उनका नामांकन खारिज किया जाना चाहिए था। रिटर्निंग ऑफिसर ने नामांकन स्वीकार करके गलती की और इस अनुचित स्वीकृति का चुनाव परिणाम पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा। इसी आधार पर अदालत ने ओम कुमार का निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया।

वीवीपैट में गड़बड़ी का आरोप नहीं हुआ साबित

मुंशी राम ने चुनाव याचिका में मतगणना के दौरान भी अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। उन्होंने कुछ बूथों की वीवीपैट पर्चियों की गिनती और मतों के मिलान पर सवाल उठाए थे। हालांकि, अदालत ने बूथ संख्या 44, 54, 180 और 234 की वीवीपैट पर्चियों की गिनती में किसी तरह की अवैधता या गड़बड़ी साबित नहीं मानी। कोर्ट ने यह भी कहा कि ऐसा कोई विश्वसनीय साक्ष्य नहीं है, जिससे साबित हो कि ओम कुमार को मिले वोट उनके चुनाव मैदान में नहीं होने की स्थिति में मुंशी राम को मिल जाते।

मुंशी राम को भी नहीं मिली जीत

हाईकोर्ट ने भाजपा विधायक का निर्वाचन तो रद्द कर दिया, लेकिन याचिकाकर्ता मुंशी राम को विजेता घोषित करने की मांग खारिज कर दी। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल ओम कुमार का निर्वाचन निरस्त होने से मुंशी राम को स्वतः निर्वाचित घोषित नहीं किया जा सकता। इसके लिए जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 101 में निर्धारित आधारों को साबित करना जरूरी था, जो याचिकाकर्ता नहीं कर सके।

15 दिन तक सदन में बहस की छूट, मतदान और आर्थिक लाभ पर रोक

अदालत ने ओम कुमार को सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का अवसर देते हुए अपने आदेश के संचालन पर 15 दिन तक सीमित राहत दी है। इस अवधि में वह अपने निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे और यदि विधानसभा की बैठक होती है तो बहस में हिस्सा भी ले सकेंगे। हालांकि, वह विधानसभा या उसकी किसी समिति में मतदान नहीं कर पाएंगे। इसके साथ ही उन्हें विधायक के रूप में कोई आर्थिक लाभ भी नहीं मिलेगा।

गौरतलब है कि 14 फरवरी 2022 को हुए नहटौर विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 मार्च को घोषित हुए थे। भाजपा के ओम कुमार को 77,935 वोट मिले थे, जबकि आरएलडी के मुंशी राम को 77,677 मत प्राप्त हुए थे। दोनों के बीच जीत का अंतर केवल 258 वोट था। अब हाईकोर्ट के फैसले के बाद इस सीट को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें