चौबारी मेले में सरकार की उपलब्धियों का आईना बनी प्रदर्शनी, योजनाओं की दिखी झलक

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

किसानों की खुशहाली से महिला सशक्तिकरण और युवाओं के रोजगार तक की जानकारी एक ही छत के नीचे, 28 नवंबर तक देख सकेंगे श्रद्धालु

बरेली। रामगंगा के तट पर शुरू हुए ऐतिहासिक कार्तिक मेला चौबारी में इस बार श्रद्धालुओं को आस्था और परंपरा के साथ सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की झलक भी देखने को मिल रही है। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से मेला स्थल पर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें किसानों की खुशहाली, युवाओं को रोजगार, महिला सुरक्षा, गरीबों को आवास और धार्मिक पर्यटन के विकास से जुड़ी योजनाओं को आकर्षक चित्रों और सूचनात्मक पैनलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शुक्रवार को फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। 20 से 28 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और आमजन को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित करना है।

16 लाख किसानों के बिजली बिल माफ होने की जानकारी

प्रदर्शनी में किसानों के हित में किए गए कार्यों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। इसमें बताया गया है कि प्रदेश में 16 लाख से अधिक किसानों के बिजली बिल माफ किए गए हैं। इससे किसानों को सिंचाई के लिए राहत मिलने और कृषि कार्यों को प्रोत्साहन देने की जानकारी दी गई है। कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए संचालित प्रयासों को भी चित्रों के जरिए दर्शाया गया है।

नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी

युवाओं के रोजगार से जुड़े आंकड़े भी प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण हैं। इसमें दावा किया गया है कि निजी क्षेत्र और एमएसएमई के माध्यम से चार करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत 9.30 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस में 44 हजार से अधिक महिलाओं की भर्ती को भी महिला सशक्तिकरण की उपलब्धि के रूप में प्रदर्शित किया गया है।

ओडीओपी से उद्यमियों को मिला बढ़ावा

एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के जरिए स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की जानकारी भी दी गई है। प्रदर्शनी के अनुसार, योजना के तहत 10 हजार से अधिक लाभार्थियों को विपणन सहायता मिली है और 43 कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्वीकृत किए गए हैं। 22 हजार से अधिक उद्यमियों को 1,019 करोड़ रुपये से अधिक की मार्जिन मनी वितरित की गई है। इससे 4.6 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सूर्य सखियों के प्रशिक्षण और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में 36,800 से अधिक स्वास्थ्य साथियों की भूमिका को भी दर्शाया गया है।

महिला सुरक्षा से लेकर आवास तक की योजनाएं

महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं को अलग-अलग पैनलों पर प्रदर्शित किया गया है। मिशन शक्ति केंद्रों, महिला हेल्पलाइन 181 और वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को दी जा रही सहायता की जानकारी दी गई है। प्रदर्शनी में बताया गया है कि प्रदेश में 16,169 विद्युत सखियां सक्रिय हैं, जिन्होंने 3,720 करोड़ रुपये से अधिक के बिजली बिल का संग्रह किया है। वहीं, 124 वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से 3.18 लाख महिलाओं को लाभान्वित किया गया है और महिला हेल्पलाइन 181 के जरिए 9.71 लाख महिलाओं को सहायता दी गई है।

गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के प्रयास भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं। माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीब परिवारों के लिए आवास निर्माण की पहल के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना की उपलब्धियां दिखाई गई हैं। प्रदर्शनी में दावा किया गया है कि इन योजनाओं के माध्यम से 69 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं।

उज्ज्वला और आयुष्मान योजना की भी जानकारी

केंद्र सरकार की योजनाओं में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.86 करोड़ परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन देने और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 10 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को आच्छादित करने की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही ब्रज क्षेत्र के विकास, मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और रंगोत्सव को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने, यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली छह लेन सड़कों तथा प्रदेश के 81 उत्पादों को जीआई टैग मिलने की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।

प्रदर्शनी में योजनाओं के आंकड़ों के साथ उनके उद्देश्य और लाभ लेने की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है, ताकि मेले में आने वाले लोग सरकारी योजनाओं से परिचित हो सकें।

इस अवसर पर एसपी सिटी चिराग जैन, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एसडीएम सदर इशिता किशोर सहित संबंधित अधिकारी और मेला संयोजक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें