मिनी कुंभ मेला ककोड़ा की सुरक्षा पर डीआईजी ने परखी तैयारियां, घाटों से पार्किंग तक किया निरीक्षण

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भीड़ नियंत्रण के लिए सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी, गंगा घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर; पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश

बदायूं/बरेली। रुहेलखंड के प्रसिद्ध मेला ककोड़ा (मिनी कुंभ) में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनिराज जी ने मंडलायुक्त शंभु कुमार, जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा के साथ मेला स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला परिसर, गंगा घाटों, आवागमन मार्गों और पार्किंग स्थलों का जायजा लेकर सुरक्षा एवं सुविधाओं की व्यवस्थाएं परखीं।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भीड़भाड़ और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिये पूरे मेला क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जाएगी। इसके लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था करने को कहा गया।

गंगा घाटों पर स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गोताखोरों की तैनाती, पर्याप्त बैरिकेडिंग और आपातकालीन इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए यातायात प्रबंधन तथा पार्किंग की व्यवस्था प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

डीआईजी ने मेला परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और संपर्क मार्गों को समय से तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा, ताकि मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं और मेले का शांतिपूर्ण एवं सकुशल आयोजन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, एएसपी नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर साईं अश्रित शाखमुरी, सीओ उझानी राहुल पाण्डेय, मेला प्रभारी और संबंधित थानों के प्रभारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें