कैंट विधायक ने तीन मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, छूटे मतदाताओं और नए युवाओं के नाम सूची में जुड़वाने के दिए निर्देश
बरेली। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (एसएसआर)-2027 के तहत शनिवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और पुनरीक्षण अभियान के दौरान छूटे पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए।
संजीव अग्रवाल ने रामानुज दयाल सरस्वती शिशु मंदिर, प्राथमिक विद्यालय बालजती और जनता स्कूल स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से बातचीत कर नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति जानी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों और बूथ अध्यक्षों से संबंधित अधिकारियों के साथ सक्रियता एवं समन्वय बनाकर काम करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष पुनरीक्षण के दौरान छूटे मतदाताओं, दूसरे स्थानों से स्थानांतरित होकर आए नागरिकों और एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान राम बहादुर सक्सेना, अशोक ठाकुर, अजय प्रताप अज्जू, गोपाल चानना, जयदीप चौधरी, राम बहादुर मौर्य, अजय रत्नाकर, ठाकुर ओम प्रकाश समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।













