बदायूं। शादी की तैयारियों के बीच खुशियों से भरा एक परिवार बुधवार दोपहर ऐसे हादसे का शिकार हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया. उझानी कोतवाली क्षेत्र में कछला-उझानी हाईवे पर कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रहे दो ट्रैक्टरों ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई. तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.
जानकारी के अनुसार हादसा फूलपुर क्षेत्र में हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवे पर दो ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में थे. इसी दौरान सामने जा रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा. डॉक्टरों ने छह महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि रिक्शा चालक सनी (32) और डाल सिंह (58) समेत तीन घायलों का उपचार जारी है.
हादसे के बाद एक ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरा चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग निकला. पुलिस ने मौके पर छोड़े गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर दोनों चालकों की तलाश शुरू कर दी है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया और पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
शादी से पहले उजड़ गया परिवार
हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि कछला के मोहल्ला मुरावन नगला निवासी डाल सिंह के बेटे कुंवर पाल की शादी 29 जून को होनी है. परिवार की महिलाएं शादी की रस्म ‘भात’ मांगने के लिए पड़ोसी गांव गठोना जा रही थीं. किसी ने नहीं सोचा था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा.
शादी वाले घर में जहां मंगल गीत गूंजने थे, वहां अब मातम पसरा है. हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई. अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार और रोते-बिलखते रिश्तेदारों का मंजर हर किसी की आंखें नम कर गया.
इन महिलाओं की गई जान
हादसे में जिन महिलाओं की मौत हुई, उनमें राजकुमारी (55), गंगा श्री (32), रेवती (80), प्रेम देवी (45), नारायणी देवी (32) और आरती शामिल हैं. अधिकांश महिलाएं एक ही परिवार या रिश्तेदारी से जुड़ी थीं और शादी की रस्म निभाने के लिए निकली थीं.
लापरवाही बनी काल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की बड़ी वजह हो सकती है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. फरार चालकों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक पल की लापरवाही ने छह परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं.













