राजदेई देवी को मिले एक करोड़ रुपये

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली: पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल ने अपने दिवंगत कर्मचारी के परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की है. मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले ट्रैक मेंटेनर हरिनंद यादव की पत्नी राजदेई देवी को 1 करोड़ रुपये की दुर्घटना बीमा राशि का चेक सौंपा. यह सहायता रेलवे सैलरी पैकेज के तहत उपलब्ध दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत दी गई.

हरिनंद यादव का आकस्मिक निधन एक दुर्घटना में हो गया था. उनका वेतन खाता पंजाब नेशनल बैंक में रेलवे सैलरी पैकेज के तहत संचालित था. इसी योजना के तहत उनके आश्रित को यह बीमा राशि प्रदान की गई. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है.

चेक वितरण कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह, पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख रंजीत कुमार चौबे समेत बैंक के अधिकारी, रेलवे की मान्यता प्राप्त यूनियनों और एसोसिएशनों के पदाधिकारी तथा अन्य शाखा अधिकारी मौजूद रहे.

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि रेलवे प्रशासन अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. किसी भी कर्मचारी के साथ दुर्घटना या विपरीत परिस्थिति होने पर उसके परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है. उन्होंने कर्मचारियों से भी उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ऐसे बीमा कवर कर्मचारियों के परिवारों को संकट की घड़ी में आर्थिक संबल देने का काम करते हैं और भविष्य की अनिश्चितताओं से निपटने में मददगार साबित होते हैं.

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें