पुलिस ने बदमाश को ठोका, दूसरा भी गिरफ्तार

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली: जल्दी पैसा कमाने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने की चाह ने दो युवकों को अपराध की दुनिया में धकेल दिया. एक युवक से बाइक और महंगा मोबाइल लूटकर फरार हुए दोनों आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए. गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक, मोबाइल और अवैध तमंचे बरामद कर लिए हैं.

ससुराल से लौट रहे युवक को बनाया निशाना
मामला बहेड़ी थाना क्षेत्र का है. उलेतापुर निवासी वीरपाल 4 जून की शाम अपनी ससुराल से बाइक पर घर लौट रहे थे. आरोप है कि ग्राम मिन्तरपुर के पास एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी बाइक के आगे अपनी मोटरसाइकिल लगा दी. इसके बाद दोनों ने वीरपाल को रोक लिया और उनकी बाइक व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित ने बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था.

चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े
वारदात के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी. शनिवार देर रात बहेड़ी पुलिस देवीपुरा बाजार के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों घबरा गए. उनकी बाइक सड़क पर गिर गई. एक युवक मौके पर गिर पड़ा, जबकि दूसरा भागने लगा.

घिरते ही पुलिस पर झोंक दी गोली
पुलिस के मुताबिक पीछा किए जाने पर दोनों आरोपियों ने खुद को घिरता देख अवैध तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली करन मौर्य के पैर में लग गई. इसके बाद पुलिस ने करन मौर्य (22) और ओमकार (23) निवासी ग्राम पतरासी, थाना बहेड़ी को गिरफ्तार कर लिया. घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.

नंबर प्लेट हटाकर मिटाना चाहते थे पहचान
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही 4 जून को युवक से बाइक और मोबाइल लूटा था. पुलिस को गुमराह करने के लिए उन्होंने लूटी गई बाइक की नंबर प्लेट भी उतारकर फेंक दी थी. उसी बाइक से वे बहेड़ी कस्बे की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस की चेकिंग में फंस गए. गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की थी.

ये सामान हुआ बरामद-

  • लूटी गई स्प्लेंडर प्लस बाइक
  • ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन
  • दो अवैध तमंचे
  • दो जिंदा कारतूस
  • एक खोखा कारतूस

बढ़ सकती हैं मुश्किलें
पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है. लूट, पुलिस पर हमला और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोपियों के खिलाफ अन्य मामलों की जानकारी मिलती है तो उन्हें भी केस डायरी में शामिल किया जाएगा.

यह भी पढ़ें- SRMS मेडिकल कॉलेज या मौत का हॉस्टल? 16 साल में 9वीं बड़ी घटना ने फिर खड़े किए सवाल

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें