बहुगुल नदी ने छीन ली दो मासूम जिंदगियां, भाई-बहन की डूबने से मौत से मचा कोहराम

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शाहजहांपुर। जैतीपुर थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत ने रविवार को पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। बहुगुल नदी में नहाने गए सगे भाई-बहन गहरे पानी में डूब गए। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम पसरा है।

गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के गांव डभौरा निवासी अमर सिंह उर्फ कल्लू राम के 14 वर्षीय पुत्र विजय और नौ वर्षीय पुत्री किंजल शनिवार को अपने माता-पिता के साथ जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव कुलुआबोझ स्थित अपने मौसा अमर सिंह उर्फ भूरे के घर आए थे। यहां भूरे की आठ वर्षीय बेटी वंशिका का जन्मदिन समारोह था।

बताया जाता है कि रविवार को दोनों बच्चे अपनी मां के साथ मौसा के घर ही रुक गए थे, जबकि उनके पिता वापस गांव लौट गए थे। जाते समय उन्होंने बच्चों को घर से बाहर न जाने की हिदायत भी दी थी। इसके बावजूद दोपहर करीब दो बजे विजय और किंजल गांव की ही एक अन्य बच्ची के साथ बहुगुल नदी में नहाने चले गए।

नहाते समय दोनों भाई-बहन अचानक गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। उनके साथ गई बच्ची किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आई और गांव पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण नदी की ओर दौड़ पड़े। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतीपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जन्मदिन की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 खुशियों के बीच पसरा मातम

शनिवार को जिस घर में जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं, रविवार को वहीं मातम छा गया। परिवार के लोग बच्चों की याद में बिलखते रहे। एक साथ भाई और बहन की मौत से हर किसी की आंखें नम हो गईं।

One Response

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें