चाइनीज मांझे से गन्ना मंत्री के भतीजे की गर्दन कटी, लहूलुहान हालत में खुद पहुंचा अस्पताल

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। प्रतिबंध के बावजूद शहर में बिक रहा चाइनीज मांझा लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। सोमवार सुबह श्यामतगंज पुल पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से प्रदेश के गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार के भतीजे आदित्य गंगवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मांझे से उनकी गर्दन और चेहरा कट गया। खून बहने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खुद वाहन चलाकर अस्पताल पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार पीलीभीत जिले के लालौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय गंगवार के पुत्र आदित्य गंगवार (15) सोमवार सुबह गांधी उद्यान की ओर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। सुबह करीब साढ़े छह बजे श्यामतगंज पुल पर सड़क के ऊपर फैले चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। मांझा सीधे उनके चेहरे और गर्दन पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद आदित्य की गर्दन से लगातार खून बह रहा था। इसके बावजूद उन्होंने घबराने के बजाय साहस दिखाया और खुद ही वाहन चलाकर ईशान हॉस्पिटल पहुंच गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार भी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से आदित्य के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बेहतर उपचार के निर्देश दिए। मंत्री के अस्पताल पहुंचने के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ भी वहां जुट गई।

यह घटना एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर सवाल खड़े कर रही है। प्रशासन की ओर से समय-समय पर कार्रवाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद शहर में चाइनीज मांझा खुलेआम बिक रहा है। स्थानीय लोगों ने जानलेवा मांझे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें