बरेली। अब गृहकर और जलकर जमा करने के लिए नगर निगम के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आपका व्हाट्सएप ही बताएगा कि कितना टैक्स बकाया है और उसे कैसे जमा करना है। नगर निगम करदाताओं को सीधे मोबाइल पर संदेश भेजकर बकाया कर की जानकारी देगा। साथ ही QR कोड स्कैन करते ही कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकेगा।
नगर निगम ने राजस्व वसूली को आसान और तेज बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का सहारा लिया है। नई व्यवस्था के तहत करदाताओं को व्हाट्सएप पर नोटिफिकेशन भेजा जाएगा, जिसमें बकाया राशि, भुगतान लिंक और अन्य जरूरी जानकारियां होंगी। इससे लोग घर बैठे ही टैक्स जमा कर सकेंगे।
QR कोड बनेगा टैक्स भुगतान का शॉर्टकट
नगर निगम के चारों जोन कार्यालयों में विशेष QR कोड लगाए जाएंगे। करदाता मोबाइल से कोड स्कैन करते ही सीधे भुगतान प्लेटफॉर्म पर पहुंच जाएंगे। इसके बाद कुछ क्लिक में टैक्स जमा हो जाएगा। इससे लंबी कतारों, फॉर्म भरने और कागजी प्रक्रिया से राहत मिलेगी।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि डिजिटल टैक्स भुगतान प्रणाली को लागू करने के लिए बैंक के साथ समझौता किया गया है। इसका उद्देश्य करदाताओं को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी सुविधा उपलब्ध कराना है।
राजस्व बढ़ाने में मिलेगी मदद
नगर निगम को उम्मीद है कि व्हाट्सएप अलर्ट और QR कोड आधारित भुगतान व्यवस्था से टैक्स वसूली में तेजी आएगी। नकद लेन-देन कम होगा और पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही लोगों का समय और मेहनत दोनों बचेंगे। अधिकारियों का मानना है कि यह पहल डिजिटल गवर्नेंस को मजबूती देने के साथ नगर निगम के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि करेगी।













