बरेली। रेलवे के विभिन्न निर्माण और तकनीकी कार्यों के चलते आने वाले दिनों में कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है।
उत्तर रेलवे के लखनऊ स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण और मुरादाबाद-गाजियाबाद रेलखंड में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग के कमीशनिंग कार्य के कारण 23 जून तक कई एक्सप्रेस ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा। इनमें शक्तिनगर-टनकपुर, सिंगरौली-टनकपुर, टनकपुर-सिंगरौली, टनकपुर-शक्तिनगर, बनारस-नई दिल्ली, नई दिल्ली-बनारस, बनारस-देहरादून और देहरादून-बनारस एक्सप्रेस शामिल हैं। ये ट्रेनें उतरेटिया, ट्रांसपोर्ट नगर और आलमनगर के रास्ते संचालित होंगी।
वहीं इज्जतनगर मंडल के कासगंज यार्ड में 16, 17 और 21 जून को दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक इंजीनियरिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते 55332 अछनेरा-कासगंज सवारी गाड़ी को मथुरा छावनी और मारहरा स्टेशनों के बीच करीब 90 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक सूचना जरूर देख लें।













